मदद के बहाने एटीएम बदलकर 25 हजार की टप्पेबाजी। गोला / मदरिया

मदद के बहाने एटीएम बदलकर 25 हजार की टप्पेबाजी। गोला / मदरिया ----- गोला में एटीएम पर मदद के बहाने ठगी, कार्ड बदलकर 25 हजार उड़ाए, पहले भी कई वारदातें, पुलिस अब तक खाली हाथ, सीसीटीवी से पहचान में जुटी उपनगर गोला में एटीएम ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को एक बार फिर टप्पेबाज ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 25 हजार रुपये उड़ा लिए। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि पूर्व की घटनाओं में भी अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार भूपगढ़ निवासी अभय राय पुत्र रविन्द्र राय अपनी मां सुमन राय के साथ गोपालपुर स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम पर नया पिन बनाने पहुंचे थे। अभय पिन सेट कर ही रहा था कि तभी एक अज्ञात युवक पीछे आकर खड़ा हो गया और मदद करने के बहाने बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान उसने चालाकी से अभय के हाथ से एटीएम कार्ड लेकर बदल दिया और दूसरा कार्ड थमा कर मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर बाद अभय के मोबाइल पर खाते से 25 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। संदेह होने पर जब कार्ड की जांच की गई तो पता चला कि टप्पेबाज कार्ड बदल चुका है। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार रकम किसी अन्य एटीएम से निकाली गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी टप्पेबाज को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी राकेश रौशन सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और एटीएम व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।