*राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का तृतीय दिवस: 'दहेज प्रथा: एक

*राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का तृतीय दिवस: 'दहेज प्रथा: एक अभिशाप' विषय पर बौद्धिक सत्र आयोजित* जनपद सुल्तानपुर के तहसील कादीपुर क्षेत्र के अंतर्गत संत तुलसीदास जूनियर हाईस्कूल नगर पंचायत कादीपुर के प्रांगण में स्थानीय संत तुलसीदास पी.जी. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों के विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने सुबह शिविर स्थल की साफ-सफाई की। तदुपरांत प्रातःकालीन प्रार्थना कर सर्वेक्षण कार्य के लिए अपने -अपने चयनित गांव गए। इसके बाद वापस आकर भोजन ग्रहण किया। तत्पश्चात आज के बौद्धिक सत्र का प्रारम्भ हुआ। बौद्धिक सत्र का विषय ‘दहेज प्रथा:एक अभिशाप’ रखा गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. राजकुमार सिंह, समाजशास्त्र विभाग उपस्थित रहे। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि दहेज प्रथा सामाजिक बुराइयों की जड़ है और इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही इस कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक समाज में जागरूकता फैलाकर इस कुप्रथा को दूर करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मदन मोहन सिंह, विभागाध्यक्ष, समाजशास्त्र विभाग ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है, जो न केवल महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुँचाती है, बल्कि सामाजिक असमानता और अन्याय को भी बढ़ावा देती है। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह, आरजू मिश्रा, प्रतीक कुमार मौर्य, डॉ शनि कुमार शुक्ल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ शनि कुमार शुक्ल द्वारा किया गया। आगत अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी प्रतीक कुमार मौर्य ने किया। कार्यक्रम में स्वयंसेविका अनुष्का पाठक, कलश, आंशी एवं स्वयंसेवक अभय प्रताप सिंह ने भी अपना विचार व्यक्त किया। आज का यह बौद्धिक सत्र स्वयंसेवकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।