विवेकानंद पार्क में अतिक्रमण के विरोध में ABVP का प्रदर्शन, 48 घंटे का अल्टीमेटम
आजमगढ़। सिविल लाइंस स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में कथित अवैध अतिक्रमण और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनादर के विरोध में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। विभाग संयोजक गौरव प्रताप शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन और नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन के मौके पर मौजूद नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका गेट पर धरना शुरू कर दिया। बाद में कर निर्धारण अधिकारी धर्मेंद्र सोनी मौके पर पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। विभाग संयोजक गौरव प्रताप शर्मा ने आरोप लगाया कि सिविल लाइंस स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में एक निजी प्रतिष्ठान की ओर से व्यावसायिक लोगो के नाम पर बड़ा ढांचा लगाया गया है। इससे स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पीछे छिप गई है। उन्होंने पार्क में नगर पालिका की ओर से लगाए गए फव्वारे को मिट्टी से पाटे जाने का भी आरोप लगाया। ABVP ने जिला प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए पार्क से कथित अवैध ढांचे को हटाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर पूरे जनपद में चक्का जाम और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान विभाग संगठन मंत्री सात्विक जी ने कहा कि राष्ट्रनायकों का अपमान और सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान आलोक मिश्रा, आदित्य गुप्ता, प्रियांशु गुप्ता, सूर्यांश सोनकर समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी और छात्र मौजूद रहे।