बांसगांव संदेश बरहज दशमोत्तर छात्रवृत्ति से वंचित पात्र छात्रों के लिए पोर्टल
बांसगांव संदेश बरहज दशमोत्तर छात्रवृत्ति से वंचित पात्र छात्रों के लिए पोर्टल पुनः खोला गया देवरिया, 31 अगस्त। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में दशमोत्तर कक्षाओं के लिए आवेदन करने के बावजूद विभिन्न तकनीकी एवं अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित रह गए सभी वर्गों के पात्र छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल पुनः खोला गया है। उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थान/विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा मास्टर डाटा लॉक न किए जाने, छात्रों द्वारा त्रुटिपूर्ण डाटा अपलोड करने, संस्थान स्तर पर आवेदन लंबित रहने, पीएफएमएस पर आवेदन लंबित अथवा रिजेक्ट होने तथा ट्रांजेक्शन फेल होने आदि कारणों से जिन पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सका, उनके डाटा को त्रुटिरहित कर लाभान्वित किए जाने के लिए शासन द्वारा समय-सारणी निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की अवधि 1 से 7 सितंबर, विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा फीस आदि के सत्यापन की अवधि 2 से 8 सितंबर तथा रिजल्ट अपडेट करने की अवधि 3 से 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। छात्रों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में की गई त्रुटियों को शिक्षण संस्थान द्वारा सुधारने की तिथि 16 से 18 सितंबर तथा अपात्र छात्रों के आवेदन निरस्त करने एवं पात्र छात्रों के आवेदन ऑनलाइन सत्यापित कर अग्रसारित करने की अवधि 17 से 19 सितंबर 2026 निर्धारित है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि छात्रवृत्ति की धनराशि पीएफएमएस के माध्यम से छात्र-छात्राओं के आधार सीडेड एवं एनपीसीआई से मैप्ड बैंक खातों में भेजी जाती है। जिन छात्रों के छात्रवृत्ति स्टेटस में पीएफएमएस पर आवेदन लंबित अथवा रिजेक्ट तथा ट्रांजेक्शन फेल प्रदर्शित हो रहा है, वे तत्काल अपने बैंक खाते में एनपीसीआई मैपिंग करा लें, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त हो सके।