मिशन शक्ति अभियान में छात्राओं को बताए सुरक्षा के उपाय और कानूनी अधिकार

बड़हलगंज। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत न्यू इंडियन एकेडमी, खड़ेसरी में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना बड़हलगंज पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपनिरीक्षक अनुराधा यादव ने कहा कि किसी महिला या बच्ची के साथ छेड़छाड़, दुर्व्यवहार, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार का अपराध होने पर डरने की जरूरत नहीं है। पीड़िता तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से विभिन्न हेल्पलाइन सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग किया जा सकता है। मिशन शक्ति टीम ने महिला संबंधी अपराधों से बचाव के उपाय, विधिक अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान वीमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 108, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। विद्यालय के प्रबंधक सूरज प्रकाश दूबे एवं प्रधानाचार्या प्रगति ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी देना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सशक्त और सजग बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक अनुराधा यादव, महिला पुलिसकर्मी खुशबू, मिशन शक्ति टीम की सदस्य सुनीता सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं अंजलि तिवारी, अंशिका तिवारी, अंकिता निषाद, अंकिता शर्मा, रेखा पासवान एवं मौसमी तथा विद्यालय परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।