मोहर्रम को लेकर भुड़कुड़ा कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक, शांति एवं

मोहर्रम को लेकर भुड़कुड़ा कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील जखनिया (गाजीपुर)। तहसील जखनिया अंतर्गत कोतवाली भुड़कुड़ा परिसर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाल धर्मेंद्र पांडे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में उपस्थित ताजियादारों, गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्र के संभ्रांत लोगों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, भाईचारा एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। साथ ही त्योहार को शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई।कोतवाल धर्मेंद्र पांडे ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा मोहर्रम पर्व को पारंपरिक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आश्वासन दिया।