सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने की बैठक

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने की बैठक 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी के साथ होंगे विभिन्न कार्यक्रम, योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां होंगी प्रदर्शित गाजीपुर, 15 सितंबर।आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग एवं जनपद प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने की। बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभागवार कार्ययोजना और आगामी कार्यक्रमों के सफल आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों एवं विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यक्रमों के साथ विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम की पूर्व तैयारी, विभागवार कार्ययोजना, जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल आयोजन तक सीमित न रखकर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम पंचायत से लेकर नगरीय क्षेत्र तक प्रभावी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और प्रतिदिन की प्रगति निर्धारित माध्यम पर दर्ज की जाएगी।प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की अद्यतन सूची तैयार की जाए। जनपद में विगत नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों और योजनाओं से आए सकारात्मक बदलावों का विवरण, फोटो, वीडियो एवं सफलता की कहानियों का डेटा तैयार किया जाए, ताकि अभियान के दौरान इन्हें प्रभावी ढंग से जनसामान्य तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने विकास कार्यों एवं लाभार्थियों के ‘पहले और बाद’ के बदलाव को भी प्रमुखता से प्रदर्शित करने पर जोर दिया।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर-सेवाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत शाम सात बजे दीप प्रज्वलन किया जाएगा। ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को उपकरण तथा उद्यम विभाग के लाभार्थियों को टूल किट वितरित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने जनपद के नागरिकों से अपने घरों में भी दीप जलाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति और मतदाता जागरूकता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर, बच्चों की प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। एनसीसी द्वारा मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा और स्टार्टअप को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत विकासखंड एवं विधानसभा स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन एवं यथासंभव मौके पर ही स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम से पूर्व सभी सरकारी भवनों, स्मारकों, गो आश्रय स्थलों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई कराई जाए। अनाथालय, वृद्धाश्रम सहित अन्य सेवा स्थलों पर भी सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएं। प्रमुख परियोजनाओं और स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएं तथा ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत निर्धारित 25 प्रकार की गतिविधियों में लोगों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।बैठक में बताया गया कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं नगरीय क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस एवं माई भारत वॉलंटियर्स की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की गतिविधियों का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने तथा जनसामान्य तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।