Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

कोचिंग से लौट रहे पिता-पुत्री की कार में टक्कर, गाली-गलौज और तोड़फोड़ का केस दर्ज

कोचिंग से लौट रहे पिता-पुत्री की कार में टक्कर, गाली-गलौज और तोड़फोड़ का केस दर्ज

पिपरौली गोरखपुर । बांसगांव संदेश । गीडा थाना क्षेत्र से एक बेहद डरावनी और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहे एक पिता और उनकी पुत्री को रास्ते में दबंगों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने न केवल उनकी कार में टक्कर मारी, बल्कि गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और तोड़फोड़ जैसी आपराधिक वारदातों को भी अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम देईपार निवासी दिलीप कुमार पाण्डेय शनिवार की शाम अपनी पुत्री को गोरखपुर कोचिंग छोड़ने गए थे। शाम करीब 7 बजे कोचिंग की छुट्टी होने के बाद वह अपनी पुत्री को चार पहिया वाहन से लेकर वापस घर लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी छपिया स्थित टोरेंट गैस प्लांट के पास पहुंची, तो पीछे से 7 से 8 अज्ञात लड़के लगातार उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे। आरोप है कि खानिमपुर टोरेंट गैस के पास पहुंचते ही शराब के नशे में धुत अज्ञात वाहन चालकों ने उनकी कार में जानबूझकर टक्कर मार दी। इस अचानक हुए हमले से पिता-पुत्री सहम गए। जब दिलीप कुमार ने अपनी गाड़ी रोककर माजरा समझना और देखना चाहा, तो सभी आरोपी उग्र होकर उनके पास आ गए। गाड़ी रोकने के बाद आरोपी एकजुट हो गए और पिता-पुत्री को सरेराह भद्दी मां-बहन की गालियां देने लगे। विरोध करने पर उन्होंने आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि इस दौरान गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और लूटपाट का भी प्रयास किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। किसी तरह पीड़ित ने अपनी जान बचाई और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए गीडा थाने की पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी सुहेल खान पुत्र वाहिद खान निवासी छपिया, थाना गीडा तथा 7-8 अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 281, 324(4), 352, और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृृत किया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता और रोष व्याप्त है। इस संबंध में गीडा थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

0 likes
0 comments0 shares