दो दिन से लापता युवक का नहर में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

दो दिन से लापता युवक का नहर में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज हरपुर बुदहट, गोरखपुर। बांसगांव संदेश। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के भेऊसा गांव निवासी 27 वर्षीय दीपक दुबे का शव बुधवार को सरयू कैनाल में उतराता मिला। दीपक पिछले दो दिनों से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे घर के पास स्थित सरयू कैनाल में शव दिखाई देने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर हरपुर बुदहट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि दीपक दुबे पुत्र रामनाथ दो भाइयों में छोटे थे और अभी उनकी शादी नहीं हुई थी। उनके अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे। दो दिन बाद नहर में शव मिलने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। थानेदार प्रशांत पाठक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।