Bansgaon Sandesh
Login
V
Gazipur२३ मिनट पहले

मनरेगा बहाल करो, स्मार्ट मीटर रद्द करो समेत विभिन्न मांगों को लेकर

मनरेगा बहाल करो, स्मार्ट मीटर रद्द करो समेत विभिन्न मांगों को लेकर खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन का धरना जखनिया, गाजीपुर। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन गाजीपुर के तत्वावधान में सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर राजव्यापी कार्यक्रम के तहत जखनिया तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र भारती ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जखनिया रेलवे स्टेशन से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला, जो क्रॉसिंग के रास्ते ब्लॉक मुख्यालय होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचा। यहां जुलूस धरने में तब्दील हो गया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “मनरेगा बहाल करो”, “जी राम जी कानून रद्द करो”, “स्मार्ट मीटर रद्द करो”सहित विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। यूनियन ने गरीबों को प्रति यूनिट राशन कार्ड पर 10 किलो राशन देने, गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये का आवास उपलब्ध कराने, दुर्घटना की स्थिति में 25 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा गरीबों को आवासीय एवं कृषि पट्टा देने की मांग उठाई।धरने को संबोधित करते हुए कामरेड विजय बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष एवं सीपीएम जिला सचिव मंडल सदस्य, ने कहा कि आज पूरे देश की जनता, गरीब, भूमिहीन और ग्रामीण मजदूर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में मनरेगा के तहत पूर्व में भी पर्याप्त काम नहीं कराया गया। अब उस व्यवस्था की कमियों को छिपाने के लिए सरकार ने नई नीति बनाकर मनरेगा का नाम बदलकर “जी राम जी” कर दिया है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2014 से 2019 और 2019 से 2024 तक कागजों में अनेक योजनाएं चलती रहीं, लेकिन उनका वास्तविक लाभ जमीन पर जनता तक नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि सच बोलने वालों के खिलाफ पुलिस मुकदमे दर्ज कर रही है, जबकि लूट करने वाले खुलेआम घूम रहे हैं।कामरेड विजय बहादुर सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आने वाले समय में जखनिया से लेकर गाजीपुर के कार्यालयों तक धरना-प्रदर्शन कर जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा तथा संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों को आंदोलन से जोड़ने का काम करेंगे।इस अवसर पर कामरेड वीरेंद्र कुमार गौतम*, जिला मंत्री, उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन गाजीपुर, सुरेंद्र भारती, पिंटू यादव, रविंद्र कुमार, पूनम देवी, ओमप्रकाश गुप्ता, रीता देवी, गीता देवी, शीला देवी, शशि कला, लक्ष्मीना, तेतरा, आशा, इंदु देवी, उषा देवी एवं मैना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments1 shares