Bansgaon Sandesh
Login
Anup Singh Rudrapur
Deoriaलगभग १ घंटा पहले

मुंशी पर प्रधान संघ अध्यक्ष से अभद्रता और गुंडा एक्ट की धमकी

मुंशी पर प्रधान संघ अध्यक्ष से अभद्रता और गुंडा एक्ट की धमकी देने का आरोप, ऑडियो वायरल देवरिया। भलुअनी थाना परिसर में तैनात एक मुंशी पर ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष एवं करौंदी ग्राम प्रधान अजीत पटेल से फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाकर गुंडा एक्ट के तहत जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगा है। बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। अजीत पटेल का आरोप है कि ग्राम पंचायत कोरया के प्रधान प्रतिनिधि के अनुरोध पर उन्होंने किसी प्रशासनिक मामले की जानकारी लेने के लिए भलुअनी थाने में तैनात मुंशी राजू राय से फोन पर संपर्क किया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान मुंशी ने उनके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और विरोध करने पर उन्हें थाने बुलाकर फर्जी मुकदमे में फंसाने तथा गुंडा एक्ट लगाकर जेल भेजने की धमकी दी। प्रधान संघ अध्यक्ष का यह भी आरोप है कि बातचीत के दौरान क्षेत्र के अन्य ग्राम प्रधानों के प्रति भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर सूचना देने के साथ ही बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस अधीक्षक देवरिया को उपलब्ध कराई। अजीत पटेल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की जांच कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस और जनप्रतिनिधि समाजहित में मिलकर काम करते हैं, ऐसे में किसी पुलिसकर्मी द्वारा जनप्रतिनिधि के साथ कथित तौर पर इस तरह का व्यवहार किया जाना गंभीर विषय है। घटना को लेकर ग्राम प्रधानों और छात्र संघ से जुड़े लोगों में नाराजगी बताई जा रही है। अजीत पटेल ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्राम प्रधान संघ और छात्र संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे

1 likes
0 comments2 shares