Bansgaon Sandesh
Login
V
Gazipurलगभग १ घंटा पहले

31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान डेंगू, मलेरिया समेत

31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान डेंगू, मलेरिया समेत

31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान डेंगू, मलेरिया समेत मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को घर-घर पहुंचेंगी टीमें, 12 से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान गाजीपुर, 01 अक्टूबर। संचारी एवं मच्छरजनित रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाकर किया। अभियान 31 अक्टूबर तक संचालित होगा, जबकि इसके तहत 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया और कालाजार जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए शासन स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांगजन कल्याण, कृषि एवं सिंचाई सहित 11 विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों की टीमें घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग की टीमें स्वच्छता, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग और साफ-सफाई जैसे कार्यों को आगे बढ़ाएंगी। जरूरत के अनुसार जांच, उपचार और दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। सीएमओ ने कहा कि डेंगू का मच्छर दिन में काटता है। इससे बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। उन्होंने आमजन से अभियान में सहयोग करने तथा अपने आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि जनपद में इस वर्ष अब तक डेंगू के 20 मरीज सामने आए हैं, जिनमें 16 मरीज अन्य प्रदेशों एवं जनपदों से संक्रमित होकर आए थे। इसी प्रकार मलेरिया के 26 मरीज मिले, जिनमें 18 मरीज बाहर से संक्रमित होकर आए थे। उपचार के बाद सभी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। बाहर से संक्रमित होकर आने वाले मरीजों को अभियान के दौरान चिन्हित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। चिन्हित मरीजों की जांच आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा मेडिकल कॉलेज में कराकर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और स्वयं से दवा लेकर उपचार न करें। अभियान को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, प्रभावशाली व्यक्तियों और आमजन से सहयोग की अपील की गई।

0 likes
0 comments1 shares