*सोनभद्र में खौफनाक मर्डर मिस्ट्री: प्रेम-प्रसंग बना मौत की साजिश, प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर डैम में फेंका शव

*सोनभद्र में खौफनाक मर्डर मिस्ट्री: प्रेम-प्रसंग बना मौत की साजिश, प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर डैम में फेंका शव* उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कथित प्रेम-प्रसंग का अंत बेहद खौफनाक तरीके से हुआ। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़वा गांव में एक प्रॉपर्टी डीलर की उसकी कथित प्रेमिका ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को पत्थरों से बांधकर सिरसा डैम की गहरी खाई में फेंक दिया। मृतक की पहचान चंदौली निवासी 50 वर्षीय कुंवार मौर्या के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। जानकारी के मुताबिक, 22 मार्च को वह अपने ड्राइवर रोहित के साथ सोनभद्र पहुंचे थे और अपनी कथित प्रेमिका लीलावती के घर ठहरे थे। लेकिन जिस घर में उन्होंने भरोसा किया, वहीं उनके खिलाफ मौत की साजिश रच दी गई। इस पूरे मामले का चौंकाने वाला खुलासा मृतक के ड्राइवर रोहित ने किया। उसके अनुसार, घटना वाली रात लीलावती ने उसे जगाकर बताया कि उसने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर कुंवार मौर्या की हत्या कर दी है। इसके बाद आरोपियों ने ड्राइवर को धमकाते हुए शव ठिकाने लगाने में मदद करने के लिए मजबूर किया। रोहित के मुताबिक, शव को कार की डिग्गी में रखकर सभी आरोपी सिरसा डैम पहुंचे, जहां भारी पत्थरों से बांधकर लाश को गहरी खाई में फेंक दिया गया। इतना ही नहीं, ड्राइवर को इस घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। काफी दिनों तक डर के साए में रहने के बाद आखिरकार ड्राइवर ने हिम्मत दिखाई और चंदौली लौटकर मृतक के परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद कुंवार मौर्या के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डैम में सर्च ऑपरेशन चलाया और शव बरामद कर लिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी महिला, उसका पति और भांजा फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल, यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का पूरा सच सामने लाया जाएगा।