मुसाफिरखाना-देवरा मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं, बारिश में जलभराव से
मुसाफिरखाना-देवरा मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं, बारिश में जलभराव से राहगीर परेशान मुख्यालय पर पी डब्ल्यू डी विभाग ने नहीं बनवाया फुटपाथ *बल्दीराय, सुलतानपुर।* बल्दीराय तहसील मुख्यालय से होकर गुजरने वाले मुसाफिरखाना-देवरा मुख्य मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बरसात के दिनों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बल्दीराय थाना मोड़ पर सड़क पर पानी भरा रहता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील मुख्यालय के मुख्य मार्ग पर अब तक न तो पक्की नाली का निर्माण कराया गया है और न ही फुटपाथ बनाया गया है। हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे पैदल चलने वाले, दोपहिया वाहन चालक तथा दुकानदारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बरसाती पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। इससे सड़क भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित पी डब्ल्यू डी विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मुसाफिरखाना-देवरा मार्ग पर शीघ्र नाली एवं फुटपाथ का निर्माण कराया जाए तथा थाना मोड़ पर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।