वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जे व वसूली का आरोप महिला ने एडीएम

वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जे व वसूली का आरोप महिला ने एडीएम सिटी से लगाई न्याय की गुहार ,राजकुमार गौड, गोरखपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहमारूफ स्थित ऐतिहासिक भुआ शहीद इमामबाड़ा व वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जे, अवैध निर्माण और अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में शाहमारूफ निवासी शहनाज खातून ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एडीएम सिटी से मुलाकात की और शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई। अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शहनाज खातून द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, शाहमारूफ स्थित वक्फ संख्या 122 व 26 के अंतर्गत आने वाली संपत्ति पर कथित मुतवल्ली इरफान हमीद ने एक भू-माफिया शोएब के साथ मिलीभगत कर अवैध कब्जा कर रखा है। आरोप है कि सड़क पर गैरकानूनी ढंग से सीढ़ियां बना दी गई हैं और वक्फ की जमीन पर कई कमरे बनाकर अवैध रूप से किराया वसूला जा रहा है, जिससे आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है। आरटीआई से हुआ खुलासा, मुतवल्ली का पद रिक्त, वर्षों से नहीं हुआ ऑडिट पीड़िता ने उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड से जन सूचना अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त आख्या का हवाला देते हुए बताया कि उक्त वक्फ में तौलियत (मुतवल्ली) का पद वर्तमान में रिक्त है और कोई अधिकृत कमेटी मौजूद नहीं है। इसके अतिरिक्त, उक्त वक्फ का ऑडिट वर्ष 2005-06 के बाद से नहीं कराया गया है और वित्तीय वर्ष 2024-25 का हिसाब-किताब व गोशवारा भी बोर्ड में दाखिल नहीं है। विरोध करने पर मकान ढहाने और जान से मारने की धमकी शहनाज खातून ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि जब आरटीआई के खुलासे के बाद क्षेत्रीय नागरिकों के साथ मिलकर उन्होंने इस अवैध निर्माण और अवैध वसूली का विरोध किया, तो कथित मुतवल्ली व उसके साथी द्वारा उनके नवनिर्मित मकान को ध्वस्त करने और परिवार सहित जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता ने प्रशासन से वक्फ संपत्ति पर हुए अवैध निर्माण और अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कराकर भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। एडीएम सिटी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।