Bansgaon Sandesh
Login
Rahul kumar singh
Sultanpur५ दिन पहले

कादीपुर (सुलतानपुर)। सरस्वती शिशु मंदिर झारखंड कादीपुर सुलतानपुर में आज मातृ-पितृ पूजन

कादीपुर (सुलतानपुर)। सरस्वती शिशु मंदिर झारखंड कादीपुर सुलतानपुर में आज मातृ-पितृ पूजन उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुआ, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से आलोकित हो उठा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार उपाध्याय ने मातृ-पितृ सम्मान के सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला प्रचारक श्रीमान बृजेश कहा कि वर्तमान समय में पाश्चात्य प्रभावों के स्थान पर हमें भारतीय परंपराओं पर आधारित मातृ-पितृ पूजन जैसे आयोजनों को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे बालकों में अपने माता-पिता के प्रति श्रद्धा, प्रेम, कृतज्ञता और सेवा-भाव के संस्कार सुदृढ़ हों। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष केशव प्रसाद मिश्र, प्रबंधक गजेंद्र बहादुर सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप अग्रहरि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में यूको बैंक कादीपुर शाखा के प्रबंधक श्री नवनीत मिश्र ने विद्यार्थियों को जीवन में संस्कारवान एवं कर्तव्यनिष्ठ बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय के प्रति सहयोग भाव व्यक्त किया जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान भैया-बहनों ने गीत, नृत्य एवं संस्कारपरक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मातृ-पितृ भक्ति का भावपूर्ण चित्रण किया। मातृ-पितृ पूजन की विशेष विधि में विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का तिलक कर विधिवत पूजन किया तथा चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दृश्य ने उपस्थित सभी अभिभावकों को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर माननीय सह जिला संघ चालक दयाराम श्री रमाकांत बरनवाल सहित समाज के अनेक सम्मानित नागरिक तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस संस्कारमय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन ने यह संदेश दिया कि माता-पिता का सम्मान ही भारतीय संस्कृति की सच्ची पहचान है और इसी से सशक्त एवं संस्कारवान राष्ट्र का निर्माण संभव है।

100 likes
0 comments0 shares