जन्मे कन्हैया तो टूट गए कारागार के ताले, घघसरा में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

घघसरा गोरखपुर। बांसगांव संदेश। नगर पंचायत घघसरा में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। व्यास पीठ से आचार्य राम मनोहर दास महाराज ने कथा सुनाते हुए बताया कि देवकी-वासुदेव की आठवीं संतान के रूप में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही कारागार के ताले और हथकड़ियां टूट गईं तथा पहरेदार गहरी नींद में सो गए। वासुदेव नवजात श्रीकृष्ण को सूप में रखकर यमुना पार गोकुल ले गए। कथा के दौरान जैसे ही नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की गूंज हुई, पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बधाई गीतों पर नृत्य किया और महिलाओं ने मंगल गीत गाए। आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार धर्म की स्थापना और अधर्म के नाश के लिए हुआ था। उनका जीवन प्रेम, धर्म, कर्म और भक्ति की सीख देता है। इस अवसर पर मुख्य यजमान शंभुनाथ पाण्डेय, सावित्री देवी, अशोक पाण्डेय, रविंद्र पाण्डेय, अरुण पाण्डेय, शिवा, केदार, राधेश्याम कसौधन, कृष्णमोहन कसौधन, मुकेश निषाद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।