शादी के बाद भी युवती को कर रहा था परेशान, इंस्टाग्राम पर

शादी के बाद भी युवती को कर रहा था परेशान, इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट करने वाला आरोपी पर मुकदमा दर्ज मदरिया । गोला थाना क्षेत्र में शादीशुदा युवती को लगातार परेशान करने और सोशल मीडिया पर उसकी फोटो पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एसएसपी के आदेश पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव निवासी पीड़िता की मां ने मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के तरबेज और अरबेज अंसारी पुत्रगण नन्हे अंसारी तथा उनके जीजा अजीज अंसारी मनबढ़ किस्म के व्यक्ति हैं। पूर्व में मारपीट के मामले में उनके पति द्वारा इन लोगों पर मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है। शिकायत में कहा गया कि अरबेज अंसारी उनकी पुत्री का पीछा करता था और उसे लगातार परेशान करता था। इस संबंध में स्थानीय थाने पर प्रार्थना पत्र भी दिया गया, लेकिन पुलिस द्वारा समझा-बुझाकर युवक को छोड़ दिया जाता था। बाद में परिजनों ने युवती की शादी कर दी। आरोप है कि शादी के बाद भी अरबेज अंसारी युवती को धमकाता रहा और उसका परिवार बर्बाद कर देने की बात कहता था। बीते 4 फरवरी को उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर युवती की फोटो पोस्ट कर दी और ससुराल जाकर बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी प्रभाव का इस्तेमाल कर थाने से छूट जाता था, जिससे परिवार अवसाद में आ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के आदेश पर गोला पुलिस ने आरोपी अरबेज अंसारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।