Bansgaon Sandesh
Login
Rajkumar Raj
Gorakhpurलगभग ३ घंटे पहले

मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, पारंपरिक रूट पर ही निकलेंगे जुलूस नई

मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, पारंपरिक रूट पर ही निकलेंगे जुलूस नई

मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, पारंपरिक रूट पर ही निकलेंगे जुलूस नई परंपरा पर रोक, हथियारों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध; सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई व्यवस्था के निर्देश गोरखपुर। आगामी 26 जून को मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस के रूट, यातायात प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। ताजिया और जुलूस निर्धारित पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि जुलूस में अस्त्र-शस्त्र, धारदार हथियार या किसी भी आपत्तिजनक सामग्री का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने लोगों से पर्व को शांति और अनुशासन के साथ मनाने की अपील की। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी मुतवल्ली ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुसार रखें। जुलूसों में डीजे और साउंड सिस्टम का प्रयोग तय मानकों के अनुसार किया जाए। ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। भीड़ वाले मार्गों पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जिलाधिकारी ने नगर निगम को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, चूना छिड़काव, पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जर्जर और लटकते तारों की जांच कर उन्हें ठीक कराने तथा स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया। प्रशासन ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, अपर नगर आयुक्त गौरव श्रीवास्तव सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने जनपदवासियों से अपील की कि मोहर्रम को आपसी भाईचारे, शांति और गंगा-जमुनी तहजीब की भावना के साथ मनाएं। प्रशासन ने कहा कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

1 likes
0 comments1 shares