नेक्स्ट अपडेट न्यूज देवरिया, स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं पर आजाद हिंद
नेक्स्ट अपडेट न्यूज देवरिया, स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं पर आजाद हिंद सेना वाहिनी का हल्लाबोल, डीएम से जांच की मांग, नेक्स्ट अपडेट की रिपोर्ट देवरिया। जिले के स्वास्थ्य विभाग में कथित तौर पर हो रही गंभीर अनियमितताओं, लापरवाही और अव्यवस्थाओं को लेकर आजाद हिंद सेना वाहिनी ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के ऋषि पांडे जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी देवरिया को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले विभाग में कई स्तरों पर कथित अनियमितताएं सामने आ रही हैं। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी कमजोर होने के कारण आम मरीजों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि देवरिया मेडिकल कॉलेज में कार्यरत कुछ डॉक्टर प्राइवेट तौर पर बाहर मरीजो को देख रहे हैं। परंतु सीएमओ देवरिया अनिल कुमार गुप्ता के द्वारा इसका संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। आजाद हिंद सेना वाहिनी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। संगठन ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही, अनियमितता अथवा नियमों की अनदेखी सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का उद्देश्य आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन यदि व्यवस्थाओं में लापरवाही बरती जा रही है तो यह बेहद गंभीर मामला है। संगठन ने चेतावनी दी कि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वह जनहित में आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। अब देखना यह है कि जिलाधिकारी द्वारा शिकायत का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की जांच के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं और कथित अनियमितताओं पर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है। देवरिया से नेक्स्ट अपडेट न्यूज की रिपोर्ट