कचरा फेंकने से मना करने पर वृद्धा को धमकी देने का आरोप
कचरा फेंकने से मना करने पर वृद्धा को धमकी देने का आरोप पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की कुरारा, हमीरपुर। थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर ग्राम पंचायत के मजरा ददरी गांव निवासी वृद्ध महिला ने पड़ोसी पर दरवाजे के सामने गंदगी बहाने का विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिवकली पत्नी स्वर्गीय छोटा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मोहल्ले का एक व्यक्ति उसके घर की गंदगी उसके दरवाजे की ओर बहाता है। विरोध करने पर वह डंडा लेकर मारने के लिए दौड़ा और आए दिन परेशान करता है। महिला का आरोप है कि आरोपी स्वयं को भाजपा का बूथ अध्यक्ष बताते हुए धमकी देता है। पीड़िता ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।