डीएम मधुसूदन हुल्गी ने खेत में पहुंचकर खुद की धान
डीएम मधुसूदन हुल्गी ने खेत में पहुंचकर खुद की धान की क्रॉप कटिंग, हसिया चलाकर परखी पैदावार सीसीई एग्री एप से ऑनलाइन रैंडम चयनित खेत में कराया गया फसल कटाई प्रयोग, मड़ाई के बाद धान का कराया वजन देवरिया। खरीफ सीजन में धान की वास्तविक पैदावार का आकलन करने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी सदर तहसील क्षेत्र के परसिया भंडारी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने किसान कृष्ण मोहन सिंह के खेत में स्वयं हसिया चलाकर धान की फसल की कटाई की। इसके बाद काटी गई फसल की मड़ाई कराकर प्राप्त धान का वजन कराया। फसल कटाई प्रयोग के लिए सीसीई एग्री एप के माध्यम से ऑनलाइन रैंडम तरीके से खेत का चयन किया गया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत चयनित खेत में धान की कटाई और मड़ाई कर उत्पादन का आकलन किया गया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य जिले में धान की वास्तविक उत्पादकता का आंकड़ा जुटाना है, ताकि खरीफ सीजन के कुल कृषि उत्पादन का सटीक आकलन किया जा सके। इस दौरान तहसीलदार अलका सिंह, कानूनगो अश्वनी कुमार, लेखपाल नीरज पांडेय सहित राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रुद्रपुर-देवरिया | बांसगांव संदेश