जखनियां तहसील व पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप, माकपा ने सौंपा

जखनियां तहसील व पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप, माकपा ने सौंपा ज्ञापन राजस्व व पुलिस विभाग पर मनमानी का आरोप, गरीबों-किसानों को न्याय दिलाने की मांग जखनियां। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की ओर से जखनियां तहसील एवं पुलिस विभाग में कथित भ्रष्टाचार और मनमानी के विरोध में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्रामीण जनता, गरीब किसानों, मजदूरों एवं भूमिहीन लोगों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए संबंधित मामलों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों को अपने कार्य कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि लेखपाल, कानूनगो एवं पुलिस कर्मियों द्वारा बिना रुपये लिए कई कार्य नहीं किए जाते हैं। इससे गरीब किसान, मजदूर एवं कमजोर वर्ग के लोगों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। माकपा ने आरोप लगाया कि सामान्य एवं कमजोर वर्ग के लोगों की जमीनों पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा किए जाने की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। भूमि संबंधी विवादों में कुछ राजस्व कर्मियों पर एक पक्ष के समर्थन में कार्य करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। ज्ञापन में लेखपाल एवं कानूनगो पर रुपये लेकर पक्षीय कार्य करने के लगाए गए आरोपों की भी जांच कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में पुलिस विभाग को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पार्टी का आरोप है कि पुलिस स्तर पर राजनीतिक प्रभाव में कार्य होने के कारण ग्रामीण जनता को अपेक्षित न्याय नहीं मिल पा रहा है। माकपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा गरीब किसान, मजदूर और बेसहारा लोगों को न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति दूर करने, मुख्य मार्गों की मरम्मत कराने, किसानों को फसल की खरीद के संबंध में गांव-गांव चौपाल लगाकर जानकारी देने तथा गरीब और भूमिहीन लोगों को चिह्नित कर भूमि आवंटन एवं आवासीय योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग भी शामिल है। नोट : राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित भ्रष्टाचार, मनमानी एवं राजनीतिक प्रभाव में कार्य करने के आरोप माकपा की ओर से दिए गए ज्ञापन में लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। आज इस मौके पर जिला सचिव किसान सभा जोगिंदर यादव जिला सिपीएम सचीव मारकंडे प्रसाद जिला कमेटी सदस्य रामदरस यादव पूर्व जिला मंत्री राव बीरेंद्र कामरेड बीबी सिंह उत्तर प्रदेश कमेटी के सदस्य बाबूराम यादव मोहम्मद नसरुद्दीन विनोद यादव शामूराम वीरेंद्र गौतम डॉक्टर सीताराम यादव सहित बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।