लो वोल्टेज से परेशान सरैया चौराहे के व्यापारियों ने एक्सईएन को सौंपा पत्रक

चौरीचौरा गोरखपुर।सरदारनगर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के सरैया चौराहे के व्यापारी लंबे समय से लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। विद्युत आपूर्ति में सुधार की मांग को लेकर व्यापारियों ने विद्युत वितरण खंड चौरीचौरा के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार को प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि सरैया चौराहे पर वर्तमान में एक ही ट्रांसफार्मर लगा है, जिससे पर्याप्त और नियमित वोल्टेज नहीं मिल पा रहा है। चौराहे को भौवापार फीडर से जोड़ा गया है, जिसकी लाइन काफी लंबी है। वहीं, चौराहे के समीप स्थित कॉलोनी ब्लॉक फीडर से जुड़ी है, जिसकी लाइन अपेक्षाकृत छोटी है। ऐसे में व्यापारियों ने सरैया चौराहे को ब्लॉक फीडर से जोड़ने की मांग की है। व्यापारियों ने चौराहे पर एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने, पुराने और जर्जर विद्युत तारों को बदलने तथा फीडर व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। उनका कहना है कि लो-वोल्टेज के कारण दुकानदारों को विद्युत उपकरण चलाने में परेशानी होती है और कारोबार भी प्रभावित होता है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि व्यापारियों की समस्या के निस्तारण के लिए एसडीओ और जेई को निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। इस दौरान व्यापारी उमेश वर्मा, विनोद सिंह, सुदामा गुप्ता, भगवानदास विश्वकर्मा, पिंटू प्रजापति, अभिषेक विश्वास, रामकेवल, प्रद्युम्न निगम उर्फ चिंटू, आशीष मोदनवाल, सागर मोदनवाल और सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।