बेलघाट में सिंचाई विभाग का बांध बरसात से जर्जर, राहगीरों की बढ़ी

बेलघाट में सिंचाई विभाग का बांध बरसात से जर्जर, राहगीरों की बढ़ी परेशानी बेलघाट (गोरखपुर)। विकासखंड बेलघाट के सोपाई गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप से गौरगंज तक जाने वाला सिंचाई विभाग का बांध लगातार हो रही बरसात के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। बांध की सड़क क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों, किसानों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के कारण बांध पर जगह-जगह कटान और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। रात के समय यह मार्ग और भी अधिक खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त बांध का तत्काल निरीक्षण कराकर मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।