सेवा संकल्प अभियान के तहत रुद्रपुर में 108 निर्माण श्रमिकों के बने

सेवा संकल्प अभियान के तहत रुद्रपुर में 108 निर्माण श्रमिकों के बने आयुष्मान कार्ड देवरिया, 23 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्रम विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रुद्रपुर में शिविर लगाकर उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) में पंजीकृत तथा जीरो पावर्टी से आच्छादित निर्माण श्रमिक परिवारों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाया गया। शिविर में 108 निर्माण श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 108 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। वहीं, अभियान के तहत जनपद में कुल 402 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सितंबर माह में अब तक जनपद में कुल 3,632 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शिविर के दौरान श्रमिकों को BOCW के माध्यम से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा योजनाओं से संबंधित पंफलेट वितरित किए गए। अभियान के दौरान आयुष्मान के नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा श्रम विभाग, देवरिया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा को ग्राम स्तर तक पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए सभी हेल्थ सब-सेंटर एवं संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के माध्यम से भी आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य कराया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले पात्र BOCW परिवारों को अपने निकट ही आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा मिल रही है। श्रम विभाग ने जीरो पावर्टी के तहत चिन्हित पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थी अपने साथ राशन कार्ड, आधार कार्ड तथा OTP प्राप्त करने के लिए मोबाइल फोन अवश्य लेकर जाएं।