Bansgaon Sandesh
Login
H
Gorakhpurलगभग ३ घंटे पहले

बड़हलगंज में मनाया ईद-उल-फितर का त्योहार

बड़हलगंज में मनाया ईद-उल-फितर का त्योहार

बड़हलगंज। उपनगर में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े हर्षोल्लास, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर जामा मस्जिद, ईदगाह, छोटी मस्जिद सहित क्षेत्र की सभी मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। सुबह से ही नमाजियों का मस्जिदों की ओर आना शुरू हो गया था और निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं घरों में सेवइयां और विभिन्न पकवान बनाकर खुशियां साझा की गईं। ईद-उल-फितर इस्लाम धर्म का एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जो रमजान के पूरे महीने रोजा रखने के बाद मनाया जाता है। चांद दिखने के साथ ही शव्वाल महीने की शुरुआत होती है और पहले दिन ईद का त्योहार मनाया जाता है। यह पर्व त्याग, संयम और इंसानियत के मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में प्रेम और सौहार्द बढ़ाने का संदेश देता है। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, पूर्व चेयरमैन सूरज जायसवाल, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि श्रवण जायसवाल, नित्यानंद जायसवाल, सभासद दीपक शर्मा, सभासद सुनील यादव व पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि बिरु सोनकर, अभिषेक गुप्ता,सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने नमाजियों से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी और क्षेत्र में आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं, उपजिलाधिकारी अमित जायसवाल, नायब तहसीलदार जय प्रकाश एवं थानाध्यक्ष सुनील राय अपने पुलिस बल के साथ पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में नमाज संपन्न हुई। इस मौके पर लोगों ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक है। यह हमें सिखाता है कि हम सभी मिल-जुलकर समाज में खुशियां बांटें और एक-दूसरे की मदद करें।

1 likes
0 comments0 shares