तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, पति की मौत। मदरिया।

तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, पति की मौत। मदरिया। --‐--- दाह संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा, एक माह बाद पत्नी ने गोला थाने में दी तहरीर... बांसगांव थाना क्षेत्र के रघुवाडीह बुजुर्ग गांव की रहने वाली वंदना देवी के पति ओमकार यादव की सड़क हादसे में मौत के मामले में करीब एक माह बाद गोला पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 106 के तहत कार्रवाई शुरू की है। वंदना देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 21 अगस्त को उनके पति अपने गांव के ही एक दाह संस्कार में शामिल होने के लिए बाईक से गए थे। दाह संस्कार के बाद रात करीब आठ बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। गोला-उरुवा मार्ग पर नक्षत्र विद्यालय के पास पीछे से आ रहे वाहन संख्या यूपी 53 एलटी 1548 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पति की बाईक में टक्कर मार दी। हादसे में ओमकार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें सरकारी एंबुलेंस से गोला सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल की इमरजेंसी तक पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया था। वंदना देवी ने बताया कि पति के दाह संस्कार और क्रियाकर्म में व्यस्त होने तथा बाद में तबीयत खराब होने के कारण वह तत्काल सूचना नहीं दे सकीं। स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उन्होंने गोला थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।