कुरारा में मानवता की मिसाल, असहाय व वृद्धजनों को बांटे गए कंबल

कुरारा (हमीरपुर)। विकासखंड कुरारा क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच ग्राम प्रधान द्वारा मानवता की एक सराहनीय पहल सामने आई है। कुरारा देहात के पडुई गांव में ग्राम प्रधान अमित कुमार निषाद ने असहाय, निर्धन एवं वृद्ध लोगों को कंबल वितरित कर उन्हें ठंड से राहत पहुंचाई। शनिवार को आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान ने कहा कि भीषण ठंड के इस दौर में सबसे अधिक परेशानी गरीब, बेसहारा और वृद्धजनों को होती है। ऐसे समय में उनकी सहायता करना समाज का नैतिक दायित्व है। इसी भावना से प्रेरित होकर जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए, ताकि वे ठंड से सुरक्षित रह सकें। कंबल पाकर बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और संतोष की झलक दिखाई दी। उन्होंने ग्राम प्रधान को आशीर्वाद देते हुए इस सहायता को अपने लिए बेहद उपयोगी बताया। गांव के सम्मानित नागरिकों एवं ग्रामीणों ने भी इस सामाजिक पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। ग्राम प्रधान अमित कुमार निषाद ने भरोसा दिलाया कि आगे भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए ऐसे जनकल्याणकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान गांव के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे, जिससे पूरे गांव में आपसी सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक एकता का संदेश देखने को मिला।