मोलनापुर उर्फ लालगांव में सामाजिक समरसता की मिसाल: गांव के युवाओं ने

मोलनापुर उर्फ लालगांव में सामाजिक समरसता की मिसाल: गांव के युवाओं ने अपने कंधों पर उठाया बेटी की शादी का दायित्व जखनिया (गाजीपुर)। तहसील जखनिया अंतर्गत ग्राम सभा मोलनापुर उर्फ लालगांव में सामाजिक एकता, सहयोग और समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सामाजिक संस्था 'अपना गांव तालगांव' के बैनर तले गांव के युवाओं, बुजुर्गों और सम्मानित नागरिकों ने मिलकर आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवार की एक बेटी की शादी का पूरा दायित्व अपने कंधों पर उठाया।शादी के अवसर पर पूरा गांव एक परिवार की तरह जुट गया। बारात के स्वागत से लेकर भोजन, रहने और अन्य सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से निभाई। हर व्यक्ति इस प्रयास को सफल बनाने में पूरे उत्साह और समर्पण के साथ जुटा रहा, जिससे सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रेरणादायी संदेश देखने को मिला।वरिष्ठ समाजसेवी आशीष श्रीवास्तव एवं प्रमोद यादव की देखरेख में आयोजित इस पहल में गांव के नौजवानों, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि यदि भविष्य में भी गांव के किसी परिवार को ऐसी आवश्यकता होगी, तो गांव के सभी युवा कंधे से कंधा मिलाकर उसके साथ खड़े रहेंगे।वहीं, विवाह समारोह में भोजन तैयार कर रहे हलवाई ने भी समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि वह और उनकी पूरी टीम इस विवाह में निशुल्क भोजन बना रही है तथा भविष्य में भी जरूरतमंद परिवारों के यहां इसी प्रकार निःशुल्क सेवा देने के लिए सदैव तैयार रहेगी।इस अवसर पर प्रदीप कुशवाहा, प्रमोद यादव, चंद्रभान कुशवाहा, योगेश यादव, धीरेंद्र कुशवाहा, संजय कुशवाहा, सत्येंद्र भारद्वाज, अरुण पांडेय, धर्मेंद्र कुशवाहा, ग्राम प्रधान सुभाष यादव, संजय यादव, शिवाकांत सहित बड़ी संख्या में ग्राम के सम्मानित नागरिक, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।यह पहल न केवल एक बेटी के विवाह को यादगार बनाने का प्रयास है, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करने वाली प्रेरणादायक मिसाल बन गई।