सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गांवों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम,

सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गांवों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, गोदभराई व अन्नप्राशन का आयोजन। अभियान के तहत श्रमिकों के बनाए गए आयुष्मान कार्ड। देवरिया 28 सितंबर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त विकासखंडों के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी पोषण, स्वास्थ्य तथा कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। रामपुर कारखाना विकासखंड के गौर कोठी में आयोजित कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने प्रतिभाग किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पोषण, स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के उचित पोषण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। इसी क्रम में विकासखंड रुद्रपुर के खोपा ग्राम पंचायत में भी आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र परसिया देवार नंबर-5 में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहीं, बरहज ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भी अभियान के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (BOCW) श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए महेन में आयुष्मान कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में श्रमिकों को आयुष्मान योजना के बारे में जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने की कार्यवाही की गई। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है।