बेलघाट (गोरखपुर): बेलघाट थाना क्षेत्र के सोपाई घाट स्थित पेट्रोल पंप पर

बेलघाट (गोरखपुर): बेलघाट थाना क्षेत्र के सोपाई घाट स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल और पेट्रोल की भारी किल्लत से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ईंधन संकट ने जहां किसानों की फसल कटाई को प्रभावित कर दिया है, वहीं आम राहगीरों के सामने भी बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। क्षेत्र में इस समय फसल पूरी तरह तैयार खड़ी है और कटाई अपने चरम पर होनी चाहिए, लेकिन डीजल की कमी के कारण ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि यंत्र ठप पड़ने की कगार पर हैं। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते कटाई नहीं हो पाई, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। पेट्रोल पंप पर हालात यह हैं कि दूर-दराज से ईंधन लेने आने वाले लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। इससे आवागमन और दैनिक कार्यों पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। पंप कर्मचारियों के अनुसार, डीजल और पेट्रोल का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो चुका है और नई खेप का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जैसे ही आपूर्ति पहुंचेगी, उपभोक्ताओं को तुरंत ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा। पिछले तीन दिनों में ईंधन की खपत तेजी से बढ़ी है। 24 तारीख को लगभग 1400 लीटर, 25 तारीख को करीब 2800 लीटर और 26 तारीख को दोपहर तक लगभग 1900 लीटर डीजल-पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई। पंप की लगभग 6000 लीटर की भंडारण क्षमता होने के बावजूद कंपनी द्वारा एडवांस आपूर्ति देने से इनकार किया जा रहा है, साथ ही उधारी (क्रेडिट/डीवोडीपर भी ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जिससे संकट और गहरा गया है। इस बीच पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने प्रशासन से पंप पर पुलिस बल की तैनाती की मांग की है, ताकि बढ़ती भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और डीजल-पेट्रोल का वितरण सुचारू रूप से किया जा सके।