बांसगांव संदेश बरहज स्वतंत्रता दिवस पर होंगे विविध कार्यक्रम* 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति
स्वतंत्रता दिवस पर होंगे विविध कार्यक्रम 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, 15 अगस्त को प्रभात फेरी से लेकर रूट मार्च तक होंगे आयोजन देवरिया, 13 अगस्त। जनपद में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व पूरे धूमधाम, हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित कर दी गई है। मुख्य समारोह देवरिया क्लब में आयोजित होगा, जिसमें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि होंगे। वह प्रातः 9 बजे देवरिया क्लब में ध्वजारोहण करेंगे। इसके उपरांत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया जाएगा तथा गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ 15 अगस्त को प्रातः 5 बजे विभिन्न धर्मगुरुओं के सामूहिक प्रार्थना के साथ होगा। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ प्रातः 5 बजे विभिन्न धर्मगुरुओं की ओर से सामूहिक प्रार्थना के साथ होगा। इसके बाद प्रातः 6:30 बजे स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी के संयोजक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक नामित किए गए हैं। इसी समय पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में क्रॉस-कंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसके संयोजक जिला क्रीड़ाधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी होंगे। प्रातः 8 बजे सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा तथा राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रातः 8:45 बजे जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी द्वारा मालवीय रोड स्थित शहीद स्मारक एवं सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। प्रातः नौ बजे देवरिया क्लब में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित करने के साथ गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 10:15 बजे जनपद के सभी विद्यालयों में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया में पौधारोपण, राजकीय बाल सदन में फल एवं पठन-पाठन सामग्री का वितरण तथा महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की महिला विंग में फल वितरण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे वृद्धाश्रम में फल एवं मिष्ठान वितरण तथा प्राथमिक विद्यालयों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे जनपद के विभिन्न शहीद स्मारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। इन स्थलों की साफ-सफाई, माल्यार्पण एवं सजावट की व्यवस्था संबंधित उपजिलाधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाम चार बजे राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया से पुलिस बैंड, प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबुलरी, होमगार्ड एवं विद्यालयी छात्र-छात्राओं की सहभागिता में रूट मार्च निकाला जाएगा। रूट मार्च शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक तक पहुंचेगा। इसके साथ ही जनपद के नदी घाटों पर भी ध्वजारोहण कराया जाएगा। इसी प्रकार तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालय सहित जनपद के समस्त क्षेत्रों में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस पर्व के आयोजन के तहत 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा से बच्चों की रैली निकाली जाएगी, जो कार्यक्रम स्थल राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया में पहुंचकर समाप्त होगी। कार्यक्रम के संयोजक जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी होंगे। राजकीय इंटर कॉलेज में इस अवसर पर विभाजन विभीषिका से संबंधित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके बाद शाम 6 बजे शहीद रामचंद्र विद्यार्थी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शहीद स्मारक पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक राजकीय इंटर कॉलेज के प्राचार्य, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका देवरिया एवं जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे।