Bansgaon Sandesh
Login
रिपोर्टर राहुल कुमार सिंह
Sultanpurलगभग २ घंटे पहले

रक्षाबंधन उत्सव ने दिया राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता का संदेश सरस्वती शिशु

रक्षाबंधन उत्सव ने दिया राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता का संदेश सरस्वती शिशु

रक्षाबंधन उत्सव ने दिया राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता का संदेश सरस्वती शिशु मंदिर झारखंड कादीपुर, सुलतानपुर में श्रद्धा, संस्कार और राष्ट्रप्रेम के साथ मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव कादीपुर। सरस्वती शिशु मंदिर झारखंड कादीपुर, सुलतानपुर में आज रक्षाबंधन उत्सव श्रद्धा, उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व न मानकर देशप्रेम, समाजसेवा, कर्तव्यपालन और सामाजिक एकता का प्रतीक बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बहनों ने कादीपुर के क्षेत्राधिकारी श्री विनय गौतम, थाना कादीपुर के थानाध्यक्ष श्री दीपेंद्र सिंह एवं पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इससे पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद जायसवाल, सभासद श्री बृजेश सिंह तथा नगर पंचायत अध्यक्ष के सहयोगियों को भी विद्यालय की बहनों ने राखी बांधी। इस अवसर पर सभी ने देश एवं समाज की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। रक्षाबंधन उत्सव के क्रम में विद्यालय के भैया-बहनों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर मिठाई खिलाई और परस्पर सहयोग, सम्मान एवं रक्षा का संकल्प लिया। विद्यालय के भैया-बहनों ने अपने आचार्यों तथा प्रधानाचार्य को भी राखी बांधकर गुरु-शिष्य संबंधों में स्नेह एवं आत्मीयता का भाव प्रकट किया। कार्यक्रम में सह विभाग संघचालक डॉ. हृदयराम जी ने “विद्या भारती के विद्यालयों का राष्ट्र के प्रति योगदान” विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, संस्कार, सेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। विद्यालय के संरक्षक श्री केशव प्रसाद मिश्रा जी ने रक्षाबंधन पर्व की सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व समाज में प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और पारस्परिक सहयोग की भावना को मजबूत करता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक श्री बृजेश जी ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो समाज को जोड़ने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति प्रेम एवं कर्तव्य की भावना को जागृत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष श्री संतोष कुमार पांडे जी एवं श्री मयंक मिश्रा जी ने भी सहभागिता की तथा विद्यालय के भैया-बहनों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाते हुए देशप्रेम, समाजसेवा एवं कर्तव्यपालन का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य श्री अनिल अग्रवाल जी, श्री श्याम चंद्र श्रीवास्तव जी, विद्यालय के प्रबंधक श्री गजेंद्र बहादुर सिंह जी सहित अनेक गणमान्य अभिभावक एवं समाज के बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशोक उपाध्याय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं समाज के बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रप्रेम, समाजसेवा, परस्पर सहयोग और अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता का पर्व भी है।”विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना के संस्कारों को और अधिक दृढ़ किया। उत्सव का वातावरण पूरे विद्यालय परिसर में आत्मीयता, उल्लास और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा।

0 likes
0 comments0 shares