जखनिया जन चौपाल में डीएम अनुपम शुक्ला ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं,

जखनिया जन चौपाल में डीएम अनुपम शुक्ला ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ वितरण के दिए निर्देश गाजीपुर, 18 जून 2025। विकासखंड जखनिया के उच्च प्राथमिक विद्यालय मंझनपुर कला परिसर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।जन चौपाल का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व कार्य, पेंशन तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों के माध्यम से जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। भूमि विवादों के निस्तारण हेतु अलग रजिस्टर बनाकर सभी मामलों को दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने कहा कि वृद्धा पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा कन्या सुमंगला जैसी योजनाओं का अभियान चलाकर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाए।जन चौपाल के दौरान नए पंचायत भवन, बारात घर एवं अंत्येष्टि स्थल निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही मगई नदी में चेक डैम निर्माण, अमृत सरोवर सुंदरीकरण, विद्यालय में स्मार्ट क्लास रूम एवं लाइब्रेरी स्थापना, मरम्मत कार्य तथा चौजा पुल से करंजी भुड़कुड़ा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने को कहा जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पारदर्शिता एवं सुगमता के साथ योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को गांव स्तर पर नियमित भ्रमण कर समस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।