राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन पर नराकास गाजीपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार मुंबई
राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन पर नराकास गाजीपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार मुंबई में आयोजित हिंदी दिवस एवं राष्ट्रीय राजभाषा सम्मेलन में मिला सम्मान, सदस्य कार्यालयों के सामूहिक प्रयासों की सराहना गाजीपुर, 15 सितंबर।गृह मंत्रालय, भारत सरकार के राजभाषा विभाग द्वारा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), गाजीपुर को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट, प्रभावी एवं सराहनीय कार्यान्वयन के लिए प्रशंसनीय श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह गौरवपूर्ण सम्मान मुंबई में आयोजित हिंदी दिवस एवं राष्ट्रीय राजभाषा सम्मेलन के भव्य समारोह में प्रदान किया गया।नराकास, गाजीपुर को यह राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि जनपद स्थित विभिन्न केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, बैंकों तथा उपक्रमों में राजभाषा हिंदी के प्रसार, पत्राचार एवं डिजिटल माध्यमों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा नियमित बैठकों और कार्यशालाओं के सफल आयोजन के आधार पर प्राप्त हुई है।इस अवसर पर नराकास, गाजीपुर के अध्यक्ष विनय शंकर ने समिति के सभी सदस्य कार्यालयों, संस्थानों के प्रमुखों एवं राजभाषा अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार नराकास गाजीपुर से जुड़े सभी सदस्य कार्यालयों की निष्ठा, सतत प्रयास और सामूहिक योगदान का परिणाम है।उन्होंने कहा कि यह सम्मान भविष्य में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रशासनिक कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करेगा। नराकास, गाजीपुर आगे भी राजभाषा के उत्तरोत्तर विकास और इसके सुगम प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए नई कार्ययोजनाओं के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी।