उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की बैठक: भ्रष्टाचार और उत्पीड़न

उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की बैठक: भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के खिलाफ 19 जून को होगा महा-धरना जखनिया (गाजीपुर): उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय शिव मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राम अवध मास्टर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सतीश कुमार उपस्थित रहे। संगठन की मजबूती और जमीनी मुद्दों पर चर्चा बैठक के दौरान देश और प्रदेश की वर्तमान अर्थव्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर परिचर्चा की गई। जिला मंत्री वीरेंद्र कुमार गौतम ने पिछली कार्यवाई का ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में मुख्य रूप से संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और फंड संचयन को गति देने पर विस्तारपूर्वक रणनीति बनाई गई। पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप प्रदेश अध्यक्ष सतीश कुमार ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि: सराय गोकुल गांव का मामला: उप जिलाधिकारी जखनिया की देखरेख में सराय गोकुल गांव में विवादित जमीन पर पुलिस, लेखपाल और कानूनगो द्वारा विपक्षी के धन-बल के प्रभाव में आकर जबरन निर्माण करवाया जा रहा है। दलित एक्ट का सहारा लेकर निर्दोषों को फंसाया जा रहा है, जिसे संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। बहरियाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली: पूनम देवी के मामले में पुलिस हमलावरों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उनके पक्ष में खड़ी होकर पीड़िता के परिवार और रिश्तेदारों का उत्पीड़न कर रही है। आवंटित आबादी की जमीन पर कब्जा दिलाने में भी पुलिस आनाकानी कर रही है। 19 जून को जिला मुख्यालय पर होगा प्रदर्शन संगठन ने इन प्रशासनिक अनियमिताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में 19 जून को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि तहसील, थाना और ब्लॉक स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार को कतई सहन नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, वनवासी, नट और बांसफोर जैसी अति पिछड़ी जातियों को आवासीय व खेती योग्य भूमि का पट्टा आवंटित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी। इस बैठक में राम अवध, पिंटू यादव, कामरेड वी.वी. सिंह, पूनम देवी, अनीता देवी और संजय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।