15 विभूतियों की स्मृति में दिया जाएगा सरयू रत्न सम्मान बड़हलगंज। आगामी

15 विभूतियों की स्मृति में दिया जाएगा सरयू रत्न सम्मान बड़हलगंज। आगामी 11 से 17 अक्टूबर तक सरयू तट पर आयोजित होने वाले पितृ तृप्ति रुद्र महायज्ञ एवं सरयू महोत्सव के दौरान चिल्लूपार क्षेत्र की विभिन्न विभूतियों की स्मृति में 15 लोगों को ‘सरयू रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली इन विभूतियों के योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार को चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि चिल्लूपार क्षेत्र में अनेक ऐसी महान विभूतियां रही हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करते हुए समाज और क्षेत्र को समृद्ध किया। उनके योगदान को स्मरण करने तथा नई पीढ़ी को उनके कार्यों से परिचित कराने के लिए उनकी स्मृति में सरयू रत्न सम्मान प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अध्यात्म के क्षेत्र में तपस्वी जी महाराज की स्मृति में डा. रामानंद दास जी महाराज, शिक्षा के क्षेत्र में स्व. रामछबिले श्रीवास्तव की स्मृति में केसी भारती, साहित्य के क्षेत्र में रघुनाथ चंद तिवारी की स्मृति में फूलचंद तिवारी, पत्रकारिता के क्षेत्र में उदयभान मिश्र की स्मृति में अखिलेश गुप्ता तथा चिकित्सा के क्षेत्र में मुरलीधर दुबे की स्मृति में डा. बीके राय को सरयू रत्न सम्मान दिया जाएगा। इसी क्रम में क्रीड़ा के क्षेत्र में ब्रह्मदेव मिश्र उर्फ गामा पहलवान की स्मृति में श्याम दुलारे यादव, समाजसेवा के क्षेत्र में काली बाबू अग्रवाल की स्मृति में राजू चंद, वीरता के क्षेत्र में शहीद धन्तेश्वर मौर्य की स्मृति में आईपीएस जितेंद्र मणि त्रिपाठी, उद्यम के क्षेत्र में रामबेलास यादव की स्मृति में सत्यप्रकाश तिवारी तथा पर्यावरण के क्षेत्र में बाबू अनुरुद्ध शाही की स्मृति में महीप श्रीवास्तव को सम्मानित किया जाएगा। वहीं लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में ओम प्रकाश पाण्डेय की स्मृति में प्रियव्रत मिश्र, कृषि के क्षेत्र में नवल चंद शुक्ल की स्मृति में कर्मजीत सिंह सैंथवार, श्रम के क्षेत्र में राम स्नेही मौर्य की स्मृति में आजम मिस्त्री तथा विज्ञान के क्षेत्र में एचएन त्रिपाठी की स्मृति में अनुराग शुक्ल को सरयू रत्न सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्व. तारा देवी उमर की स्मृति में प्रधान संगीता गुप्ता को ‘अपराजिता सरयू रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि सरयू महोत्सव केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्रतिभाओं, विभूतियों और उनकी प्रेरणादायी विरासत को सम्मान देने का भी माध्यम बनेगा।