आकांक्षात्मक विकास खंडों के नोडल अधिकारियों का हुआ प्रशिक्षण, योजनाओं का लाभपात्रों तक पहुंचाने जोर।

आकांक्षात्मक विकास खंडों के नोडल अधिकारियों का हुआ प्रशिक्षण, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर दिया गया जोर। देवरिया, 14 अक्टूबर। जनपद के चयनित पांच आकांक्षात्मक विकास खंडों के आज द्वितीय चरण में विकास खंड गौरी बाजार व लार के नामित नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में नीति आयोग की ओर से आईं स्वाती श्रीवास्तव ने तकनीकी एवं बारीकियों से अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी व्यवहार परिवर्तन अपनाते हुए योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारें, पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अपने क्लस्टर क्षेत्र में किसी भी स्तर की समस्या हो, उसके समाधान का उपाय रखें। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के प्रति अधिकारी जागरूक रहें और सभी अधिकारी एक-दूसरे विभाग की कार्य प्रणालियों से भी अवगत होने के साथ ही उसे ग्राम स्तर पर उतारें। आमजन में अपने व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से उनका विश्वास जीतें, उनकी समस्याओं का समाधान करें। प्रयास हो कि आकांक्षात्मक विकास खंड क्षेत्रों में संचालित सभी योजनाओं एवं निर्धारित पैरामीटर के अनुरूप कार्य संतृप्तीकरण सुनिश्चित हो। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने भी प्रशिक्षण में बारीकियों की जानकारी दी। प्रशिक्षणदाता स्वाती श्रीवास्तव ने व्यवहार परिवर्तन के विभिन्न आयामों की तकनीकी जानकारी देते हुए सभी विभागों से जुड़ी योजनाओं एवं आने वाली समस्याओं के निराकरण के गुर भी बताए।