तेज धूप और भीषण गर्मी में तिरंगा यात्रा, 80 से अधिक छात्राओं
तेज धूप और भीषण गर्मी में तिरंगा यात्रा, 80 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ी देवरिया। जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच 80 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कई छात्राओं को चक्कर आने और कमजोरी की शिकायत हुई, जबकि कुछ छात्राएं रास्ते में ही गिर पड़ीं। आनन-फानन में उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। बताया गया कि बड़ी संख्या में छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचीं। यात्रा के दौरान छात्राएं देशभक्ति के नारे लगाती रहीं। तेज धूप और गर्मी के कारण यात्रा के दौरान ही कई छात्राओं को परेशानी होने लगी। स्कूल लौटने के बाद कुछ छात्राओं की हालत और बिगड़ गई। छात्राओं की संख्या अचानक अधिक होने से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कुछ छात्राओं में डिहाइड्रेशन के लक्षण बताए गए हैं। जगह की कमी के कारण कुछ छात्राओं का इलाज फर्श पर भी करना पड़ा। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में छात्राओं का उपचार किया जा रहा है। इस घटना ने गर्मी के मौसम में स्कूली बच्चों के साथ आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में पर्याप्त पेयजल, छाया, प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। गौरतलब है कि भीषण गर्मी और तेज धूप में लंबे समय तक खुले में रहने से डिहाइड्रेशन और हीट से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। हाल में देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी के बीच छात्राओं के बीमार पड़ने की घटनाएं सामने आई हैं।