कल सुलतानपुर दौरे पर रहेंगे मंडलायुक्त अयोध्या, करोड़ों की परियोजनाओं का करेंगे
कल सुलतानपुर दौरे पर रहेंगे मंडलायुक्त अयोध्या, करोड़ों की परियोजनाओं का करेंगे औचक निरीक्षण, अधिकारियों संग होगी समीक्षा बैठक सुलतानपुर। अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को सुलतानपुर जनपद के दौरे पर रहेंगे। दौरे के दौरान वह विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक करने के साथ-साथ करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंडलायुक्त सबसे पहले राजकीय इंटर कॉलेज, सुलतानपुर परिसर में लगभग 4.92 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मिनी स्टेडियम का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद नगर पालिका परिषद क्षेत्र में जोनल कार्यालय के पीछे प्रस्तावित लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग निर्माण कार्य का जायजा लेंगे। इसके उपरांत मंडलायुक्त वृक्षारोपण, पौध संरक्षण, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा अधिकारियों के साथ करेंगे। इसके अलावा कलेक्ट्रेट सभागार में आपदा राहत एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें लंबित मामलों, विकास कार्यों की प्रगति और विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों के साथ समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त का यह दौरा विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।