*श्मशान घाट बना मौत का रास्ता: अंतिम संस्कार में पहुंचे तीन लोग

*श्मशान घाट बना मौत का रास्ता: अंतिम संस्कार में पहुंचे तीन लोग करंट की चपेट में, बिजली विभाग की लापरवाही पर फूटा गुस्सा* सिकरीगंज/गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में सोमवार को एक अंतिम यात्रा उस समय दहशत में बदल गई, जब श्मशान घाट जाने वाले रास्ते पर गिरे बिजली के पोल और करंट दौड़ रहे तार की चपेट में तीन लोग आ गए। ग्रामीणों की तत्परता से तीनों की जान बच गई, लेकिन घटना ने बिजली विभाग की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। हरपुर निवासी अवधेश गुप्ता पुत्र शकल गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में विदेश यात्रा के दौरान मौत हो गई थी। उनका शव गांव पहुंचने के बाद परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए सिकरीगंज के श्मशान घाट पहुंचे। आरोप है कि श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता झाड़-झंखाड़ से पटा था और बीच रास्ते में बिजली का पोल व तार जमीन पर गिरा पड़ा था। रास्ता साफ करने के प्रयास में शिवकुमार (55) पुत्र रामदास, महेंद्र गुप्ता (30) पुत्र शिवनाथ और हरिनंदन गुप्ता (35) पुत्र शिवकुमार गुप्ता करंट की चपेट में आ गए। तीनों को तड़पता देख अंतिम यात्रा में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने लकड़ी और डंडों की मदद से उन्हें तार से अलग कर सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग को जानकारी दी गई, जिसके बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद कर्मचारियों को गिरे हुए पोल और तार को ठीक करने के लिए भेजा गया। *अधिशासी अभियंता बोले* अधिशासी अभियंता सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही लाइन कटवा दी गई थी और गिरे हुए पोल व बिजली के तार को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। *ग्रामीणों का आरोप* ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते लोगों ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती, तो अंतिम यात्रा में बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने श्मशान घाट तक सुरक्षित रास्ता और बिजली विभाग की लापरवाही की जांच कर कार्रवाई की मांग की।