*विद्यालय की निर्माणाधीन दीवार तोड़े जाने पर बवाल, सीसीटीवी में कैद हुई

*विद्यालय की निर्माणाधीन दीवार तोड़े जाने पर बवाल, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना* गोरखपुर। सिकरीगंज क्षेत्र स्थित प्रौद्योगिकी लघु माध्यमिक विद्यालय, पिपरी डेहराटिकट में निर्माणाधीन भवन की दीवार और गेट तोड़े जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसकी सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 1976 में स्थापित एवं मान्यता प्राप्त इस विद्यालय का भवन काफी जर्जर हो चुका था। विद्यालय के पुनर्निर्माण के लिए खजनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री राम चौहान द्वारा विधायक निधि से 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इसी धनराशि से विद्यालय परिसर में जर्जर भवन के स्थान पर नए निर्माण कार्य का कार्य चल रहा था। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान ग्राम पिपरी निवासी दयाशंकर मिश्र पुत्र गंगा मिश्र, निकिता मिश्रा पुत्री दयाशंकर मिश्र, किरण मिश्रा पुत्री राम प्रगट मिश्र तथा उन्नति मिश्रा पुत्री अवनीश मिश्र ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर निर्माणाधीन गेट और दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। विद्यालय के प्रबंधक प्रोविसन सिंह ने बताया कि विद्यालय लगभग 50 वर्ष पुराना है। विद्यालय का मुख्य गेट खुला रहने से बच्चे अक्सर सड़क की ओर निकल जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गेट और चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस संबंध में थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि मामला राजस्व विभाग से संबंधित प्रतीत होता है। फिलहाल मौके पर चल रहा निर्माण कार्य रोक दिया गया है तथा राजस्व विभाग द्वारा जांच कराए जाने के बाद नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।