डीएम की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक एवं विकास कार्यों

डीएम की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक एवं विकास कार्यों की हुई समीक्षा। लापरवाही पर कार्रवाई के लिए दिए गए निर्देश। देवरिया, 05 अक्टूबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अंत्येष्टि स्थल, व्यक्तिगत शौचालय, भूमि की उपलब्धता, पंचायत भवन सहित अन्य निर्माण एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कार्यवार प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। पंचायत भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कार्य में लापरवाही बरते जाने पर एडीपीआरओ का एक दिन का वेतन काटने तथा डीसी का पूरे माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।