मोनू सिंह हत्या काण्डके परिजनों से मिले कृषि मंत्री, जताई संवेदना

भलुअनी बांसगांव सन्देश। स्थानीय कस्बा में मनीष सिंह उर्फ मोनू हत्याकांड के दसवें दिन शनिवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और न्याय का भरोसा दिलाया। मंत्री ने परिवार को आर्थिक सहायता भी दी। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने मौके पर मौजूद भलुअनी थानाध्यक्ष दिनेश मिश्रा को प्रभावी और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, सीओ बरहज रंजना सचान को जांच में तेजी लाने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कहा। मृतक के भाई उपेंद्र सिंह ने मंत्री के सामने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मनीष को पहले से जान का खतरा था। इस संबंध में एक सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उपेंद्र के मुताबिक, तीन सितंबर को भी मनीष पर चाकू से हमला करने की कोशिश की गई थी। परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि घटना के सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई होगी, जो एक मिसाल बनेगी। अपराधियों को शरण या बचाने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को मामले में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पथरदेवा ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, पूर्व जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, संजय सिंह सैथवार, ब्लॉक प्रमुख छट्टू यादव, भलुअनी मंडल अध्यक्ष प्रणव दुबे, दिनेश गुप्ता, शौर्य सिंह, जितेंद्र शागर, बालमुकुंद सिंह, लोकेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।