मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने मझौलीराज में

बांसगांव संदेश बरहज मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने मझौलीराज में परखी व्यवस्थाएं देवरिया 26 अगस्त जनपद के मझौली राज में आगामी 29 अगस्त को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम्य विकास राज्यमंत्री एवं सलेमपुर विधायक विजयलक्ष्मी गौतम, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने हेलीपैड निर्माण, मंच, पंडाल, पेयजल, स्वच्छता, साफ-सफाई, शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल की समुचित साफ-सफाई के साथ सुरक्षा मानकों के अनुरूप पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पार्किंग में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुविधाजनक स्थल का चयन कर पार्किंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही हेलीपैड निर्माण से संबंधित सभी कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय से पूर्व ही पूर्ण रूप से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिसे जो दायित्व सौंपा गया है, उसका पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। जनप्रतिनिधियों ने भी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, उप जिलाधिकारी सलेमपुर, उप जिलाधिकारी भाटपाररानी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।