तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो छात्रों की मौत,एक
तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो छात्रों की मौत,एक गंभीर सुल्तानपुर। बुधवार शाम टांडा-बांदा हाईवे पर द्वारिकागंज के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल सवार तीन स्कूली छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतकों की पहचान कटका खानपुर निवासी समीर (19) और फैज (18) के रूप में हुई है। वहीं अमन (16) जो कक्षा नौ का छात्र है,गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों छात्र इनायतपुर की ओर से टांडा-बांदा हाईवे होते हुए बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि समीर और फैज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया,जबकि अमन सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा मिला।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने समीर और फैज को मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।