*सिकरीगंज में बड़ा हादसा टला: डंपर पर रखे जनरेटर में लगी आग,

*सिकरीगंज में बड़ा हादसा टला: डंपर पर रखे जनरेटर में लगी आग, ऑक्सीजन सिलेंडर होने से मची अफरा-तफरी* सिकरीगंज बांसगांव संदेश सिकरीगंज। गोरखपुर जनपद के दक्षिणांचल स्थित सिकरीगंज क्षेत्र के बेलघाट मोड़ के आगे टोल प्लाजा अंडरपास सर्विस लेन के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क निर्माण कार्य में लगे एक डंपर पर रखे जनरेटर में अचानक भीषण आग लग गई। घटना सुशील दुबे के मकान के समीप की बताई जा रही है, जहां नाली निर्माण का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर पर यूपीडा का जनरेटर रखा हुआ था। अचानक जनरेटर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क गई। आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि सुशील दुबे के मकान की छत से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। वहीं ग्राम सभा के कुछ साहसी युवकों ने तत्परता दिखाते हुए मिलकर आग बुझाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय निवासी नितेश ने बताया कि जनरेटर के नीचे दो ऑक्सीजन सिलेंडर भी रखे हुए थे। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और भारी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और बहादुरी से समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे क्षेत्र में संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।