*दहेज की खातिर विवाहिता को बेरहमी से पीटा, घर से निकाला; दूसरी

*दहेज की खातिर विवाहिता को बेरहमी से पीटा, घर से निकाला; दूसरी शादी की धमकी* सिकरीगंज, गोरखपुर। गोरखपुर जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम महदेवा (बेलदारी टोला) से घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता ने अपने पति पर दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने पर मारपीट करने और घर से बाहर निकालने का गंभीर आरोप लगाया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सहदेवा निवासिनी प्रेमलता का विवाह 17 मई 2022 को आकाश के साथ बड़े धूमधाम से संपन्न हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति आकाश दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मोटरसाइकिल न मिलने के कारण उसका पति उसे 'जानवरों की तरह' लात-घूंसों से पीटता है। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने अपनी पत्नी और ढाई साल के मासूम बेटे अनुज के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घर से निकाल दिया। पति ने उसे जान से मारकर फेंक देने और दूसरी शादी करने की धमकी दी है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने घर का सामान तोड़ दिया और उसके लगभग 1 लाख रुपये मूल्य के जेवर बेचकर सारे पैसे जुए में उड़ा दिए। पीड़िता प्रेमलता ने आज 24 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी सिकरीगंज को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि उसे और उसके बच्चे को सुरक्षा मिल सके।अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।