Bansgaon Sandesh
Login
Rajkumar Raj
Gorakhpur५ मिनट पहले

राप्ती नदी के घाटों का डीआईजी व मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, सुरक्षा

राप्ती नदी के घाटों का डीआईजी व मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, सुरक्षा

राप्ती नदी के घाटों का डीआईजी व मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश गोरखपुर। राप्ती नदी में हाल के दिनों में नहाने गए बच्चों की दर्दनाक मौत की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त अनिल ढींगरा एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने शुक्रवार को नदी के विभिन्न घाटों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साहूकोल उर्फ मिर्जापुर गांव तथा राजघाट क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) सहित राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी सूचक बोर्ड एवं साइनेज प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं। इन बोर्डों पर संबंधित थानाध्यक्ष का नाम, मोबाइल नंबर तथा एनडीआरएफ का संपर्क नंबर भी अंकित किया जाए। उन्होंने कहा कि नदी किनारे स्थित गांवों में चौपाल आयोजित कर अभिभावकों को जागरूक किया जाए, ताकि वे अपने बच्चों को नदी में नहाने जाने से रोक सकें। साथ ही जिन स्थानों पर नदी में अधिक गहराई है, वहां सिंचाई विभाग द्वारा तत्काल लाल रंग के चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जनजागरूकता और सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाकर नदी में होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

1 likes
0 comments0 shares